एमजी रोड पर नाइट चौपाटी अब नौ से एक बजे तक, फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल और पार्किंग पर रोक

एमजी रोड पर नाइट चौपाटी अब नौ से एक बजे तक, फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल और पार्किंग पर रोक
रायपुर (चैनल इंडिया)। एमजी रोड पर रात में लगने वाली चौपाटियों के संचालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम सख्त नियम लागू करने की तैयारी में हैं। अब यहां रात नौ बजे से सुबह एक बजे तक ही चौपाटियां लग सकेंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही ठेले और अस्थायी दुकानें लगाई जा सकेंगी।
सडक़ और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाकर ग्राहकों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी। सडक़ पर गाडिय़ां खड़ी कराने पर भी रोक रहेगी। नियम तोडऩे वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पडऩे पर चौपाटियों को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है। इन नियमों को लेकर यातायात सभागार में पुलिस, नगर निगम, एमजी रोड व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें अधिकारियों ने बताया कि चौपाटियों के कारण सडक़ पर जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी की शिकायतें मिल रही हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने साफ  किया कि चौपाटी संचालक किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव नहीं बना सकेंगे। इसे लेकर विवाद भी नहीं कर सकेंगे। चौपाटी केवल संबंधित दुकान का शटर बंद होने के बाद ही लगाई जा सकेगी। चौपाटी संचालक सडक़ और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल नहीं लगा सकेंगे। ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी उन्हें ही करनी होगी। मुख्य सडक़ या ऐसी जगहों पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे, जहां से ट्रैफिक में बाधा हो। चौपाटी संचालकों ने नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ  कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पडऩे पर चौपाटी बंद भी कराई जा सकती है।