अग्निवीर भर्ती 2025 में दशरथ भास्कर और संजय कड़की का चयन
दंतेवाड़ा से राजू शर्मा की रिपोर्ट
दंतेवाड़ा जिले में खुशी और गर्व का माहौल
दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर एक बार फिर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस क्रम में नियद नेल्लानार पंचायत गामावाड़ा निवासी दशरथ भास्कर तथा ग्राम पंचायत गुटोली निवासी संजय कड़की का चयन अग्निवीर भर्ती 2025 में हुआ है। ज्ञात हो कि जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को सेना भर्ती के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रशासन की पहल पर अग्निवीर भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को निशुल्क कोचिंग, आवास एवं शारीरिक प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। युवाओं को लिखित परीक्षा, दौड़, शारीरिक दक्षता, मेडिकल परीक्षण सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाता है। इन सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है और जिले के युवा लगातार सेना भर्ती में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। चयनित युवा दशरथ भास्कर एवं संजय कड़की ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, प्रशिक्षकों और जिला प्रशासन को दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं से उन्हें बेहतर तैयारी करने में काफी मदद मिली। जिला प्रशासन ने दोनों युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्रशासन ने कहा कि युवाओं को रोजगार और राष्ट्र सेवा से जोड़ने के लिए इस प्रकार के प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
अग्निवीर भर्ती में मिली इस सफलता से जिले के अन्य युवाओं में भी नया उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के युवा अब सेना भर्ती के प्रति अधिक जागरूक हो रहे हैं और बड़ी संख्या में प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

admin 




