कला मंच तोड़ने वाले ने सरकारी जमीन पर किया बोर खनन

कला मंच तोड़ने वाले ने सरकारी जमीन पर किया बोर खनन

पटवारी जांच में हुआ खुलासा, वार्डवासी कर रहे विरोध

दंतेवाड़ा से राजू शर्मा की रिपोर्ट...

दंतेवाड़ा। नगर के वार्ड नंबर 4 में कला मंच तोड़ने का मामला ठंडा होता नहीं दिख रहा है। इसी मामले में एक और कारनामा निकलकर सामने आया है। राजस्व टीम को सरकारी नजूल भूमि पर कब्जा कर बोर खनन किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत उपरांत तहसीलदार ने राजस्व टीम को जांच के निर्देश दिए थे। बुधवार को पटवारी की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जिस जगह पर बोर खनन करवाया गया है वह सरकारी नजूल भुमि है। नजूल भूमि पर बोर खनन करने का खुलासे होने के बाद वार्डवासियों ने कला मंच तोड़ने वाले शख्स के खिलाफ मोर्चा खोल दिया हैं और उसका जमकर विरोध हो रहा है। 

गौरतलब है कि कला मंच तोड़े जाने से नाराज होकर वार्डवासियों ने दो अलग अलग शिकायत पत्र लिखा था जिसमें एक पत्र तहसीलदार को लिखा गया था जिसमें मो. उस्मान द्वारा मकान निर्माण एवं बोर खनन की जांच की मांग की गई थी। वहीं, दूसरा पत्र पालिका सीएमओ को दिया गया था जिसमें बिना अनुमति कला मंच तोड़ने वाले के खिलाफ कारवाई की मांग की गई थी। तहसीलदार पीएन बंजारे ने वार्डवासियों की शिकायत पर त्वरित कारवाई करते हुए हल्का पटवारी तनूज नाग को जांच के लिए भेजा था। पटवारी जांच में यह खुलासा हुआ कि मो. उस्मान जिस भूमि पर मकान निर्माण करवा रहा है उसका खसरा नंबर 286/3 है उक्त भुमि का पट्टा भी उसके नाम पर ही है वहीं मो. उस्मान ने जिस स्थान पर बोर खनन किया गया है उसका खसरा नंबर 286/1 है और वह सरकारी नजूल भूमि है। 

पटवारी रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ है कि बोर खनन नजूल भूमि पर किया गया है। भवन निर्माण के लिए मो. उस्मान को वर्ष 2022-23 में भवन अनुज्ञा की अनुमति मिली थी वर्तमान में भवन अनुज्ञा की अवधि भी समाप्त हो चुकी है जिसके बावजूद भी बिना भवन अनुज्ञा के मकान का निर्माण करवाया जा रहा है जो कानुनी रूप से गलत है। कला मंच तोड़े जाने की शिकायत के बाद दोपहर के वक्त सीएमओ नगर पालिका एवं उनकी राजस्व टीम भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की थी जिसके बाद मो. उस्मान को नोटिस देकर उससे जवाब मांगा गया है। 

इधर वार्डवासियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर बोर खनन के खिलाफ शिकायत की गई तो मो. उस्मान के बड़े भाई मो. इस्लाम ने वार्डवासियों को धमकी दी और कहा कि तुम लोग मेरी शिकायत कर मेरा काम खराब किए हो इसका खामियाजा तुम मोहल्लेवासियों को भुगतना पड़ेगा। यहां जो भी लोग नजूल पर घर बनाए बैठे हैं अब सबकी जांच होगी। ऐसा कहकर लोगों को डराने धमकाने की चेष्टा सरकारी भुमि कब्जाने वाले शख्स द्वारा की गई है जिससे वार्डवासी और भी ज्यादा भड़क गए हैं। किसी अनहोनी के भय से इस मामले की शिकायत अब कोतवाली में करने पर भी विचार पीडित वार्डवासी कह रहे हैं।  

इस पूरे मामले में दंतेवाड़ा के तहसीलदार पी एन बंजारे का कहना है कि शिकायत मिली थी कि वार्ड क्रमांक 4 में नजूल की भूमि पर बोर खनन का कार्य किया जा रहा है। जिसकी जांच के निर्देश दिए गए थे राजस्व टीम ने मौके पर पहूंच जांच की तो शिकायत सही पाई है। बोर खनन सरकारी जमीन पर ही किया गया है।  पटवारी जांच रिपोर्ट के आधार पर अब बोर खनन करने वाले व्यक्ति को कल ही नोटिस भेज दिया गया था। उससे जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न आने पर जो भी कानूनी कार्यवाई इसमें बनेगी वो की जाएगी। आवश्यक हुआ तो बोर को नगर पालिका को सौंपा जाएगा।