इंसानियत हुई शर्मसार : गोबरा नवापारा में एक निजी अस्पताल के बाहर नाली में मिला नवजात का भ्रूण

इंसानियत हुई शर्मसार : गोबरा नवापारा में एक निजी अस्पताल के बाहर नाली में मिला नवजात का भ्रूण
रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के गोबरा नवापारा से मानवता को झकझोर देने वाली एक संवेदनशील घटना सामने आई है। वार्ड क्रमांक 7 के अंतर्गत रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित आयुष्मान अस्पताल के सामने एक नाली से अज्ञात भ्रूण बरामद किया गया है। शनिवार सुबह स्थानीय नागरिकों की नजर जब नाली में पड़े इस अवांछित अवशेष पर पड़ी, तो इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। प्राथमिक तौर पर अंदेशा जताया जा रहा है कि अवैध गर्भपात के बाद इस भ्रूण को नाली में लाकर फेंका गया है, हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस आसपास के तमाम निजी अस्पतालों के रिकॉर्ड खंगाल रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।