ATM से मिलेगा राशन: रायपुर समेत 3 शहरों में शुरू हुआ ग्रेन एटीएम, दूसरे राज्यों के हितग्राही भी ले सकेंगे चावल

ATM से मिलेगा राशन: रायपुर समेत 3 शहरों में शुरू हुआ ग्रेन एटीएम, दूसरे राज्यों के हितग्राही भी ले सकेंगे चावल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को आधुनिक बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। अब राशन दुकानों में लंबी कतार लगाने के बजाय हितग्राही ग्रेन एटीएम के जरिए चावल प्राप्त कर सकेंगे। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने रविवार को रायपुर समेत प्रदेश के तीन शहरों में ग्रेन एटीएम का ऑनलाइन शुभारंभ किया।

रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग से शुरुआत

ग्रेन एटीएम की सुविधा फिलहाल रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में शुरू की गई है। मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार इस तरह की व्यवस्था लागू की गई है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ देश का पांचवां राज्य बन गया है, जहां एटीएम जैसी मशीन के माध्यम से राशन का चावल उपलब्ध कराया जाएगा।

खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ केवल छत्तीसगढ़ के हितग्राही ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश जैसे अन्य राज्यों के राशन कार्डधारी भी उठा सकेंगे।

24 घंटे मिलेगी चावल लेने की सुविधा

ग्रेन एटीएम को 24 घंटे संचालित किए जाने की व्यवस्था की गई है। इससे हितग्राही अपनी सुविधा और समय के अनुसार राशन प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का दावा है कि इससे राशन दुकानों में लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी और वितरण व्यवस्था अधिक सुविधाजनक होगी।

2500 किलो चावल रखने की क्षमता

एक ग्रेन एटीएम में करीब 2,500 किलोग्राम चावल रखने की क्षमता होगी। मशीन में चावल की लोडिंग की प्रक्रिया भी स्वचालित रखी गई है।

CCTV और गार्ड से सुरक्षा

ग्रेन एटीएम की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रत्येक एटीएम पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहेगा। सरकार का उद्देश्य तकनीक के इस्तेमाल से राशन वितरण व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।