शिवनाथ नदी में बहे युवक का शव दो दिन बाद बरामद

शिवनाथ नदी में बहे युवक का शव दो दिन बाद बरामद

भिलाईनगर। गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में तेज बहाव के दौरान बहे 32 वर्षीय युवक का शव दो दिन बाद एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। शव को नदी से बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर की शाम खुर्सीपार भिलाई निवासी सहदेव महोबिया (32) अपने दो साथियों के साथ गनियारी स्थित शिवनाथ नदी के किनारे पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी के गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव के कारण वह बह गया।

घटना की सूचना के बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो दिनों तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद टीम ने सहदेव का शव नदी से बरामद कर लिया।

मृतक के पिता का नाम मुरली महोबिया बताया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।