समाज का उत्थान, एकजुटता और संस्कारों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : पुरन्दर मिश्रा
सर्व ब्राह्मण समाज की बैठक में शामिल हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा, सामाजिक एकता एवं संगठन की मजबूती पर दिया जोर
रायपुर। सराईपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोहका में आयोजित सर्व ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण बैठक में रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों एवं प्रबुद्धजनों के साथ सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती एवं समाज के उत्थान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संस्कार और आपसी समरसता में निहित है। ब्राह्मण समाज ने सदैव ज्ञान, शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज को संगठित होकर नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं एवं संस्कृति से जोड़ने के साथ ही शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों की मजबूती से समाज के जरूरतमंद लोगों को सहयोग मिलता है और सामूहिक प्रयासों से विकास के नए मार्ग प्रशस्त होते हैं। हम सभी को आपसी सहयोग, सद्भाव और एकजुटता के साथ समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव सत्यदेव शर्मा, महासमुंद जिलाध्यक्ष नित्यानंद मिश्रा, करुण दास, पूर्णानंद मिश्रा सहित समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
admin
















