दुष्कर्म-नवजात की खरीद-फरोख्त का खुलासा : नाबालिग का फर्जी आधार बनाने वाली महिला और बच्चा खरीदने वाला गिरफ्तार
पुलिस ने नवजात को सकुशल बरामद किया; मातृछाया संस्था में सुरक्षित रखा गया, मामले में अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने और नवजात शिशु को अवैध तरीके से बेचने के मामले में न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नवजात शिशु को भी सकुशल बरामद कर लिया है। सुरक्षा और समुचित देखभाल के लिए उसे मातृछाया संस्था, रायपुर में रखा गया है। इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, थाना न्यू राजेंद्र नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 289/2026 में पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। उनसे पूछताछ और विवेचना के दौरान पता चला कि पीड़िता के नवजात शिशु को पंखाजूर, जिला कांकेर निवासी सुब्रत बिश्वास के पास बेच दिया गया था। वहीं पीड़िता की उम्र अधिक दर्शाने के लिए कोतवाली क्षेत्र की निवासी पूनम सागरिया ने मोबाइल फोन के माध्यम से उसका फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था।
*तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस*
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में न्यू राजेंद्र नगर पुलिस आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी। पुख्ता सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुब्रत बिश्वास और पूनम सागरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सुब्रत ने नवजात को खरीदने और पूनम ने मोबाइल फोन से पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड तैयार करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
*दो मोबाइल फोन जब्त*
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन मोबाइल का इस्तेमाल मामले से संबंधित गतिविधियों में किया गया था। जब्त मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
*गिरफ्तार आरोपी*
सुब्रत बिश्वास (32) निवासी पीबी-34, प्रेम नगर कापसी, थाना पखांजूर, जिला कांकेर।
पूनम सागरिया निवासी एसबीआई एटीएम के पास, प्रकाश किराना दुकान के सामने, कालीबाड़ी, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायपुर।
admin




