बहन से बातचीत के शक में युवक की चाकू मारकर हत्या, गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में की तोड़फोड़
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक को अपनी बहन और एक नाबालिग युवक के बीच बातचीत का शक था, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवक की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की और बाहर खड़े वाहन में आग लगा दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान तोषक भारती के रूप में हुई है। मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी पहले आपस में दोस्त थे। घटना से कुछ समय पहले तक तीनों साथ घूम रहे थे।
मृतक की मां सरस्वती भारती ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 29 मई की रात करीब 9 बजे पलौद चौक स्थित पानी टंकी के पास करण ध्रुव और एक नाबालिग युवक ने तोषक के साथ मारपीट की। विवाद के दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल आरंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक को अपनी बहन और नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत को लेकर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। शुक्रवार रात यह विवाद फिर बढ़ गया और देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल और आरोपी के घर के पास पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में करण ध्रुव और नाबालिग आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं आरोपियों के घर और वाहन में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मंदिर हसौद क्षेत्र में दो दिनों के भीतर हत्या की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

admin 




