अवैध पार्किंग पर रायपुर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सर्विस रोड पर खड़े 20 ट्रक-ट्रेलरों के कटे चालान
रायपुर। राजधानी में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान हीरापुर रिंग रोड और सर्विस रोड पर नियमों का उल्लंघन कर खड़े 20 ट्रक और ट्रेलर वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों और मालिकों को भविष्य में दोबारा सड़क पर अवैध पार्किंग नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी है।
ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में कमिश्नरेट रायपुर की यातायात पुलिस लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में 22 जुलाई 2026 को यातायात थाना टाटीबंध क्षेत्र के अंतर्गत हीरापुर रिंग रोड और सर्विस रोड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े पाए गए 20 ट्रक और ट्रेलर वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
दुर्घटनाओं का बढ़ता है खतरा
यातायात पुलिस के अनुसार, मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से अन्य वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कई गुना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस लगातार ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
दोबारा उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालकों और वाहन मालिकों को सड़क और सर्विस रोड पर वाहन खड़ा नहीं करने तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन चालकों और मालिकों के विरुद्ध अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की अपील
रायपुर यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क और सर्विस रोड पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग से बचें। पुलिस का कहना है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया है।

admin 




