रायपुर पुलिस की पहल गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज,अपराधों में अंकुश के साथ बढ़ेगी यात्रियों की सुरक्षा
रायपुर। राजधानी में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर अब पहले से ज्यादा सुरक्षित होगा। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के सभी पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा में क्यूआर (QR) कोड लगाने की शुरुआत कर दी है। क्यूआर कोड स्कैन करते ही यात्रियों को वाहन और चालक की पूरी जानकारी मिल सकेगी। इससे अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी।
शनिवार को कालीबाड़ी स्थित यातायात कार्यालय में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इस अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित पब्लिक ट्रांसपोर्ट किसी भी शहर की पहचान होता है। इसी उद्देश्य से पहले चरण में ऑटो और ई-रिक्शा का डिजिटल पंजीयन कराया गया था, जबकि अब सभी वाहनों में क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं।
स्कैन करते ही मिलेगी चालक की पूरी जानकारी
पुलिस के अनुसार यात्री सफर शुरू करने से पहले या यात्रा के दौरान मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर चालक और वाहन की जानकारी देख सकेंगे। यदि कोई सामान वाहन में छूट जाए तो क्यूआर कोड के जरिए वाहन मालिक से संपर्क करना भी आसान होगा। पुलिस ने नागरिकों से केवल क्यूआर कोड लगे ऑटो और ई-रिक्शा में ही यात्रा करने की अपील की है।

15 दिन में 15,047 वाहनों का पंजीयन
रायपुर देश का पहला जिला बन गया है, जहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के तहत चलने वाले 15,047 ऑटो और ई-रिक्शा का मात्र 15 दिनों में डिजिटल पंजीयन किया गया। इस उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। इस मौके पर रिकॉर्ड्स की टीम ने पुलिस अधिकारियों को प्रमाण-पत्र और मेडल भी प्रदान किए।
अगले चरण में मिलेगा परिचय पत्र, चिन्हित होंगे ऑटो स्टैंड
पुलिस ने बताया कि आगामी चरण में सभी ऑटो चालकों को परिचय पत्र जारी किए जाएंगे और शहर के ऑटो स्टैंड का चिन्हांकन भी किया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
यातायात, साइबर और महिला सुरक्षा पर शॉर्ट फिल्में जारी
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों पर आधारित जागरूकता शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की गई। इन फिल्मों का प्रसारण सोशल मीडिया, शहर के एलईडी स्क्रीन, मॉल और पीवीआर के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक हो सकें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी उत्तर मयंक गुर्जर, डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, एडीसीपी मुख्यालय अर्चना झा, डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल विवेक शुक्ला, ऑटो यूनियन के पदाधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सीमा अहिरवार ने आभार व्यक्त किया।

admin 




