भगवान बिरसा मुंडा की जयंती कल
रायपुर (चैनल इंडिया)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर कल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन होगा। समारोह में विभिन्न जनजाति समाजों के 50 हजार से अधिक लोग सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यसभा सांसद नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे जनजातीय हितग्राहियों की सफलता और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति अपनी विशिष्ट परंपराओं, लोकनृत्यों, लोकगीतों, हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति संरक्षण की जीवनशैली के लिए विशिष्ट पहचान रखती है। बस्तर से सरगुजा तक फैली सांस्कृतिक विविधता प्रदेश की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से इस विरासत के संरक्षण, संवर्धन और भावी पीढिय़ों तक इसके हस्तांतरण का संदेश दिया जाएगा। यह आयोजन जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक पहचान को समझने और उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों से परिचित होने का अवसर भी प्रदान करेगा।
समारोह की तैयारियों का जायजा लेने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आवागमन, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।