'छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन' का दीपावली मिलन समारोह एवं महासभा कल

'छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन' का दीपावली मिलन समारोह एवं महासभा कल

पंजाब केशरी भवन में जुटेंगे प्रदेशभर के सोलर व्यवसायी
 
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा के विस्तार, नीतिगत सुधारों और व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से 'छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन' द्वारा कल 14 नवंबर 2026 (शनिवार) को भव्य दीपावली मिलन समारोह एवं महासभा – 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम रायपुर जोरा स्थित पंजाब केसरी भवन में प्रातः 9:00 बजे से रात्रि भोज तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के सभी 12 जोन के सोलर वेंडर्स, बैंकिंग अधिकारी और शासन के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे।
संतोष मिश्रा ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि दिन भर चलने वाले इस महाअधिवेशन की शुरुआत सुबह 9:00 से 10:30 बजे तक सदस्यों के पंजीयन व स्वागत के साथ होगी। इसके पश्चात 10:30 से 11:00 बजे तक अध्यक्षीय उद्बोधन एवं सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा, तथा 11:00 से 11:30 बजे तक कोषाध्यक्ष  द्वारा संस्था का आय-व्यय एवं वित्तीय प्रतिवेदन रखा जाएगा।
दोपहर 11:30 से 12:30 बजे तक विशेष वेंडर डिस्कशन आयोजित होगा, जिसमें इंटरनल स्टाफ एवं मैनपावर मैनेजमेंट, प्राइस वॉर एवं मार्केट कंट्रोल जैसे अहम विषयों पर रणनीति बनाई जाएगी और सभी 12 जोन का जोन-वाइज प्रेजेंटेशन होगा। इसके तुरंत बाद 12:30 से 1:30 बजे तक 12 जोन के नए जोन लीडर्स का नामांकन व संगठनात्मक चर्चा होगी। लंच और आपसी संवाद के बाद दोपहर 2:30 से 3:00 बजे तक जोन-वाइज बैठक कर आगामी सत्र की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने आगे बताया कि आम उपभोक्ताओं और वेंडर्स को सब्सिडी व बैंक लोन प्रक्रिया में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए दोपहर 3:00 बजे से दो बेहद महत्वपूर्ण तकनीकी सत्र रखे गए हैं। इसमें दोपहर 3:00 से 4:00 बजे तक आयोजित REC विशेष सत्र में सब्सिडी, वेंडर सुविधाओं, रियायतों और समस्याओं के समाधान पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। वहीं, शाम 4:00 से 5:00 बजे तक SLBC एवं बैंकिंग सत्र में बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ सोलर लोन, फाइनेंसिंग, लोन स्वीकृति और डिस्बर्समेंट संबंधी समस्याओं पर सीधा संवाद किया जाएगा।
शाम 5:00 से 7:00 बजे तक आयोजित VIP अतिथि सत्र में CSPDCL के वरिष्ठ अधिकारी, REC के वरिष्ठ अधिकारी, बैंक के अधिकारी एवम माननीय विधायकगण एवं अन्य विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे, जिनका सम्मान एवं उद्बोधन होगा। दिन भर के वैचारिक और संगठनात्मक सत्रों के समापन के बाद शाम 7:00 बजे दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसका समापन रात्रि भोज के साथ होगा।

अध्यक्ष संतोष मिश्रा सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश भर के सभी पंजीयन सोलर व्यवसायियों से इस महासभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।