बंगाल में सुशासन की दस्तक: 206 सीटों के साथ भाजपा का प्रचंड उदय, सांसद अग्रवाल ने बताया 'नए युग का आरंभ'
रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की 206 सीटों पर मिली ऐतिहासिक जीत को राष्ट्रवाद और जनभावनाओं की एक बड़ी विजय बताया है। उन्होंने इस चुनावी परिणाम को देश की राजनीति के लिए एक निर्णायक मोड़ करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की दमदार राजनयिक जुगलबंदी ने कश्मीर से धारा 370 हटाने के बाद अब बंगाल पर विजय हासिल कर देश को चौतरफा विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है। अग्रवाल के अनुसार, यह जीत उन ताकतों को करारा जवाब है जो देश का विरोध करते-करते भगवान राम का विरोध करने लगे थे। उन्होंने इस पल को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान की सार्थकता से जोड़ते हुए कहा कि आज उनकी आत्मा को शांति मिली होगी और अब हम गर्व से कह सकेंगे कि जहाँ डॉ. मुखर्जी जन्मे, वह बंगाल भी हमारा है।
बृजमोहन अग्रवाल ने पिछले शासनकालों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पहले वामपंथियों और फिर ममता बनर्जी के 'सिंडिकेट राज' ने बंगाल की उर्वर भूमि और सांस्कृतिक विरासत को भारी नुकसान पहुँचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासनकाल में भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा, और अल्पसंख्यक तुष्टीकरण ने बंगाल के विकास को रोक दिया था और जनता नारकीय जीवन जीने को मजबूर थी। अग्रवाल ने विशेष रूप से भाजपा के उन सैकड़ों कार्यकर्ताओं को याद किया जिन्होंने इस वैचारिक जंग में अपनी जान गँवाई, और यह जीत उन्हीं के बलिदान को समर्पित की। उन्होंने भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष नितिन नवीन के कुशल मार्गदर्शन और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की भी जमकर सराहना की।
सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि अब बंगाल में भयमुक्त वातावरण का निर्माण होगा और राज्य अपने पुराने गौरव एवं वैभव को पुनः प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि 45 वर्षों से जिस सामाजिक और धार्मिक आवाज को दबाकर रखा गया था, वह अब इस जनादेश के रूप में मुखर हुई है। अग्रवाल के अनुसार, अब गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक माँ गंगा का आशीर्वाद मिल रहा है और बंगाल, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में अपना शाश्वत योगदान देने के लिए तैयार है। उन्होंने अंत में कहा कि बंगाल के हिंदुओं के चेहरों पर दिख रही खुशी इस बात का प्रमाण है कि अब अराजकता का अंत हो गया है और राज्य एक नई ऊर्जा के साथ विकास पथ पर अग्रसर है।

admin 





