प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कल से : प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से मिलेगा बोनस

प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कल से : प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से मिलेगा बोनस
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कल 15 नवम्बर से शुरू होगी, जो 31 जनवरी तक जारी रहेगी। सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा के अनुसार किसानों को पूरी आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था की है। केंद्र सरकार ने खरीफ सीजन 2026-27 के लिए सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इसमें 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। 
नई व्यवस्था के तहत यदि कोई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल के बजाय केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तो उसे बेचे गए धान का भुगतान मिलेगा। साथ ही शेष छह क्विंटल के बराबर सहायता राशि भी सीधे उसके बैंक खाते में पहुंच जाएगी। प्रदेश के कई इलाकों में मौसम की अनिश्चितता, सिंचाई की सीमित सुविधा और अन्य कारणों से किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं मिल पाता। ऐसे में निर्धारित खरीदी सीमा तक धान बेचने के लिए कुछ किसान अतिरिक्त धान की व्यवस्था करने को मजबूर हो जाते थे। इससे बिचौलियों को भी फायदा पहुंचता था। नई व्यवस्था लागू होने पर किसानों को अपनी वास्तविक उपज के अनुसार धान बेचने की सुविधा मिलेगी और निर्धारित सीमा के शेष हिस्से पर भी आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता खुल सकता है। इससे किसानों को बाहर से धान खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और फर्जी खरीदी की आशंका भी कम होगी।
पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में धान खरीदी का आंकड़ा लगातार बढ़ा है। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में 144.92 लाख मीट्रिक टन और 2024-25 में करीब 149 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन हुआ था। वहीं, वर्ष 2025-26 में खरीदी घटकर लगभग 141 लाख मीट्रिक टन रह गई। नई व्यवस्था और सख्त निगरानी के चलते चालू सीजन में वास्तविक धान खरीदी करीब 125 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।  किसानों की सुविधा और खरीदी केंद्रों पर भीड़ कम करने के लिए इस सीजन में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके बाद प्रदेश में धान खरीदी के लिए कुल केंद्रों की संख्या बढक़र 3,100 हो गई है।