सीएसपीटीसीएल अब शेयर मार्केट में लिस्टिंग की तैयारी शुरू

सीएसपीटीसीएल अब शेयर मार्केट में लिस्टिंग की तैयारी शुरू

रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य सरकार की बिजली कंपनी, छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (सीएसपीटीसीएल ) जल्द ही अपना आईपीओ (आईपीओ) बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब आम लोग भी इस सरकारी कंपनी में पैसा लगाकर इसके हिस्सेदार बन सकेंगे।

अगर यह आईपीओ कामयाब रहा तो यह छत्तीसगढ़ सरकार ऐसी कंपनी बन जाएगी जिसके शेयरों की खरीद-बिक्री आम जनता स्टॉक मार्केट में कर पाएगी। रायपुर मुख्यालय में बैठे कंपनी के बड़े अफसरों के बीच इसे लेकर कागजी कार्रवाई और चर्चाएं तेज हो गई हैं। अभी तक प्रदेश के लोग सिर्फ बिजली का बिल भरते थे लेकिन जल्द ही वे बिजली कंपनी के मालिक भी बन सकेंगे। कंपनी अपनी कुछ हिस्सेदारी आम निवेशकों को बेचने जा रही है। मार्केट में लिस्ट होने के बाद इसके शेयरों के दाम कंपनी के मुनाफे और परफॉर्मेंस के हिसाब से घटेंगे और बढ़ेंगे। इससे कंपनी को देश भर के बड़े निवेशकों से पैसा मिलेगा और उसकी पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी।

जब आप किसी कंपनी के शेयर खरीदते हैं, तो उसके फायदे में भी आपका हक होता है। बिजली कंपनी के अफसरों का कहना है कि लिस्टिंग के बाद अगर कंपनी को तगड़ा मुनाफा होता है, तो वह अपने शेयरधारकों को डिविडेंड यानी मुनाफे का हिस्सा भी बांटेगी। इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी भी स्टॉक एक्सचेंज का हिस्सा बन चुकी है। हालांकि, उसके शेयरों में नॉर्मल ट्रेडिंग नहीं होती है। डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने साल 2014-15 और 2015-16 में बॉन्ड जारी करके बाजार से पैसा जुटाया था। इस बार ट्रांसमिशन कंपनी सीधे जनता के बीच उतरने का मन बना रही है।

बैठक और तैयारी
इस पूरे मामले पर पावर ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी राजेश कुमार शुक्ला ने बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि देश के कई दूसरे राज्यों की सरकारी बिजली कंपनियां पहले से ही आईपीओ लाकर आम लोगों से पूंजी जुटा रही हैं। केंद्र सरकार की बड़ी-बड़ी ऊर्जा कंपनियां भी शेयर मार्केट में अच्छा काम कर रही हैं। एमडी राजेश कुमार शुक्ला के अनुसार छत्तीसगढ़ ट्रांसमिशन कंपनी के आईपीओ लाने के विषय में उच्च स्तर पर बातचीत चल रही है। चूंकि यह पूरी तरह से शासन स्तर का मामला है, इसलिए अंतिम फैसला सरकार की हरी झंडी के बाद ही होगा।