छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन बारिश के आसार, 23 जिलों के लिए अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, राज्य के 23 जिलों में शनिवार सुबह तक हल्की से मध्यम वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में अधिकतम 3 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, अब तक राज्य में सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव में कमी आने के बाद अब नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने का इंतजार है, जिससे बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
शुक्रवार को प्रदेश के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रायपुर और दुर्ग सबसे गर्म शहर रहे, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अरब सागर से आने वाली नमी वाली हवाओं का रुख बदल गया है। इसके चलते असम और बिहार में मानसूनी गतिविधियां बढ़ी हैं। हालांकि, छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह कमजोर नहीं पड़ेगा, लेकिन कुछ समय के लिए बारिश का दायरा सीमित रह सकता है।
मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में शनिवार सुबह तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

admin 




