Breaking : छत्तीसगढ़ सहित 26 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Breaking : छत्तीसगढ़ सहित 26 राज्यों में बारिश का अलर्ट

रायपुर। देशभर के कई राज्यों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जन जीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात है, नदी नाले उफान पर है और सड़कें भी डूब गई है। कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। दरअसल बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव देश के सभी राज्यों में देखा जा रहा हैं। जिसके चलते मौसम विभाग ने आज 26 सितंबर के लिए देश के 26 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक आज छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश से लेकर बिहार और ओडिशा तक मानसून मेहरबान रहेंगे।

मौसम विभाग के अनुसार एक अवदाब दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण अंदरूनी उड़ीसा के ऊपर स्थित है तथा यह 15 किलोमीटर प्रति घंटे के गति से उत्तर उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके लगातार उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रखने की सम्भावना है। उसके बाद के 12 घंटे में कमजोर होकर चिन्हित निम्न दाब के क्षेत्र के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है।

प्रदेश में 26 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः उत्तर पश्चिम में स्थित सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग, दुर्ग संभाग और रायपुर संभाग के जिले संभावित हैं।