बस संचालकों ने परिवहन विभाग को सौंपा 20 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में यात्री बसों के किराए में जल्द बढ़ोतरी होने की संभावना है। बस संचालकों ने परिवहन विभाग को किराए में 20 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव सौंपा है। इसके साथ ही उन्होंने डीजल की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के अनुसार बस किराए को स्वत: समायोजित करने के लिए स्थायी कानून बनाने की मांग भी की है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों और बस संचालकों के बीच सोमवार को हुई बैठक में बस संचालन से जुड़ी समस्याओं और चुनौतियों पर चर्चा की गई। बस संचालकों ने अधिकारियों को बताया कि राज्य सरकार द्वारा अंतिम बार वर्ष 2021 में यात्री किराए में वृद्धि की गई थी। इसके बाद से संचालन लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे बस व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
बैठक में अखिल भारतीय पर्यटक परमिट वाली बसों के संचालन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि पर्यटक परमिट प्राप्त वाहनों का स्टेज कैरिज (यात्री बस) के रूप में संचालन नियमों के विरुद्ध है और ऐसा पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बस संचालकों को संचालन संबंधी दस महत्वपूर्ण निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने बस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक स्टेज कैरिज में क्षमता का 25 प्रतिशत महिला यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा। दिव्यांगों के लिए न्यूनतम तीन सीटें आरक्षित रहेंगी। चढऩे-उतरने के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक यात्री को टिकट जारी किया जाना अनिवार्य होगा। टिकट में परमिट संख्या, वाहन क्रमांक, मार्ग, किराया, टिकट क्रमांक, जारी करने की तिथि तथा परिचालक का नाम व हस्ताक्षर रहेंगे। प्रत्येक चालक व परिचालक को पहचान-पत्र और यूनिफॉर्म जारी किया जाना अनिवार्य होगा, जिसमें नाम, पता, फोटो, लाइसेंस, बैज क्रमांक, परमिट विवरण एवं वैधता अंकित रहेगी।