NH-30 पर सुरक्षा को लेकर सख्त हुई पुलिस, होटल-ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों को दिए निर्देश
रायपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (एनएच-30) पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों को देखते हुए धरसीवां पुलिस ने होटल, ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
थाना परिसर में आयोजित बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट रूप से कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क की भूमि का व्यावसायिक उपयोग करने से बचने और परिसर को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने हाईवे किनारे संचालित प्रतिष्ठानों में अत्यधिक क्षमता वाली लाइटों के उपयोग पर भी चिंता जताई। अधिकारियों ने कहा कि तेज रोशनी वाहन चालकों की दृष्टि को प्रभावित करती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए आवश्यकता से अधिक हाई इंटेंसिटी लाइट लगाने से बचने को कहा गया।
बैठक में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। होटल, ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए कि ग्राहकों और भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से कराई जाए, ताकि हाईवे पर यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम रहे।
पुलिस ने शराबखोरी, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखने को कहा। संचालकों को निर्देशित किया गया कि यदि उनके परिसर या आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन पर भी जोर दिया गया। पुलिस ने कहा कि बिना पहचान सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को ठहराने से बचें। साथ ही प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों, श्रमिकों और अन्य स्टाफ के पहचान संबंधी दस्तावेज थाना में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकतानुसार उनका सत्यापन किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम में स्थानीय व्यवसायियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत साझा करना सभी की सामाजिक और कानूनी जिम्मेदारी है।
बैठक में उपस्थित होटल, ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने तथा क्षेत्र में सुरक्षित यातायात और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
धरसीवां पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर इस तरह की समन्वय बैठकें भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।

admin 




