रायपुर प्रेस क्लब का होगा कायाकल्प, एक करोड़ रुपये से बनेगा हाईटेक परिसर; जल्द शुरू होगा जीर्णोद्धार कार्य

रायपुर प्रेस क्लब का होगा कायाकल्प, एक करोड़ रुपये से बनेगा हाईटेक परिसर; जल्द शुरू होगा जीर्णोद्धार कार्य

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। छत्तीसगढ़ शासन की ओर से स्वीकृत एक करोड़ रुपये की लागत से रायपुर प्रेस क्लब भवन का जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यों को जल्द शुरू करने की तैयारी है।

गुरुवार को जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल और रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने रायपुर प्रेस क्लब का निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान भवन की मौजूदा स्थिति का आकलन किया गया और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकास की रूपरेखा तैयार की गई।

निरीक्षण के दौरान जनसंपर्क आयुक्त ने प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकारों और पदाधिकारियों से चर्चा कर उनके सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब का विकास इस तरह किया जाएगा, जिससे यह राजधानी के पत्रकारों की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर सके।

प्रस्तावित योजना के तहत प्रेस क्लब में दो अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइव डिस्कशन स्टूडियो, गेमिंग जोन, ड्रॉइंग एवं लाउंज हॉल, आधुनिक इंटीरियर, बेहतर बैठक व्यवस्था, जिम हॉल, सुविधायुक्त शौचालय तथा आकर्षक आउटर लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। उद्देश्य पत्रकारों को एक आधुनिक, सुविधासंपन्न और गरिमापूर्ण कार्यस्थल उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के बाद जनसंपर्क विभाग और रायपुर प्रेस क्लब के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नगर निगम को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने आश्वासन दिया कि परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने अधिकारियों को प्रेस क्लब की वर्तमान आवश्यकताओं और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को आधुनिक स्वरूप देना प्राथमिकता है और इसके लिए राज्य शासन से मिली स्वीकृति पत्रकार समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

निरीक्षण के दौरान रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।