उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, लगातार पांच दिन बरसेगा पानी

उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, लगातार पांच दिन बरसेगा पानी
सरगुजा में बिजली गिरने से महिला की मौत
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
प्रदेश में एक जून से अब तक सामान्य से पांच प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिसे मौसम विभाग सामान्य श्रेणी में मान रहा है। मंगलवार दोपहर रायपुर और भिलाई में अच्छी बारिश हुई। राजधानी के विधानसभा क्षेत्र स्थित गैलेक्सी ग्रीन सोसायटी में जलभराव हो गया। वहीं सरगुजा के ग्राम जजगा में खेत में रोपा लगा रही कमला भगत (37) की बिजली गिरने से मौत हो गई। इधर, धमतरी में 27 जुलाई को महानदी के साहनी घाट में बहे मछुआरे गुलाल सोरी (36) का शव आठ दिन बाद बरामद हुआ।
छत्तीसगढ़ में जुलाई के आखिर तक बारिश लगभग सामान्य स्तर पर पहुंच चुकी है। अगर अगस्त में भी अच्छी बारिश होती है तो धान और दूसरी खरीफ फसलों को फायदा मिलेगा। अगस्त का महीना धान की फसल के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। हालांकि मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के लिए अलग से पूर्वानुमान जारी नहीं किया है, लेकिन मध्य भारत के लिए दिए गए संकेतों से राज्य में अगस्त के दौरान अच्छी बारिश की उम्मीद है।