नया शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से, फरवरी तक हो जाएंगी परीक्षाएं

नया शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से, फरवरी तक हो जाएंगी परीक्षाएं
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में अगले वर्ष से शैक्षणिक सत्र की शुरुआत एक अप्रैल से होगी। मंगलवार को हुई विभागीय समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया है। स्कूल शिक्षामंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी संभागों के संयुक्त संचालक सहित प्रदेशभर के जिला शिक्षा अधिकारी शामिल हुए। वर्तमान में नवीन सत्र की शुरुआत 16 जून से होती है। इसके स्थान पर एक अप्रैल से ही नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की जाएगी। 
एक माह कक्षाएं संचालित किए जाने के बाद एक मई से छात्रों को ग्रीष्मकालीन अवकाश प्रदान किया जाएगा। अप्रैल में ही छात्रों को गणवेश और पाठ्य पुस्तक का वितरण कर दिया जाएगा। सभी विषयों की पढ़ाई प्रारंभ अप्रैल में प्रारंभ किए जाने के साथ ही छात्रों को ग्रीष्मकाल के लिए गृहकार्य भी प्रदान किया जाएगा, जिससे सिलेबस तय वक्त पर पूर्ण हो सकेगा और छात्रों के प्रदर्शन में भी सुधार होगा। गौरतलब है कि सीबीएसई स्कूलों में नवीन सत्र की शुरुआत एक अप्रैल से ही होती है। अब स्टेट बोर्ड के अंतर्गत संचालित स्कूलों में भी यही पैटर्न लागू होगा। 
वर्तमान शैक्षणिक सत्र को समय पर समेटने के लिए विभाग ने परीक्षाओं की समय-सीमा तय कर दी है। मंत्री यादव ने स्पष्ट किया है कि इस मौजूदा सत्र की सभी परीक्षाएँ फरवरी तक पूर्ण कर ली जाएंगी। मार्च में परिणाम घोषित होने के बाद बिना किसी देरी के एक अप्रैल से छात्र अगली कक्षाओं में प्रवेश कर सकेंगे।
एप से ही उपस्थिति शिक्षकों के लिए वीएसके ऐप के माध्यम उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। यदि इस ऐप के जरिए शिक्षक अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराते हैं, तो उन्हें अनुपस्थित मानते हुए वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी। अवकाश संबंधित आवेदन भी इसी ऐप के माध्यम से देने होंगे। प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों को बारह खड़ी एवं 20 तक के पहाड़े तथा माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को 25 तक के पहाड़े, हिंदी एवं अंग्रेजी की धाराप्रवाह रीडिंग अनिवार्य रूप से आए, इसके लिए विशेष प्रयास करने कहा गया है।