नगरनार पुलिस की कार्रवाई, 5 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। नगरनार थाना पुलिस ने धनपुंजी आरटीओ नाका पर कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद धनपुंजी आरटीओ नाका पर घेराबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से दो पैकेट में रखा करीब 5 किलो गांजा और नकद राशि बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तेलंगाना निवासी चोले मारूती के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर की ओर जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है। बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

admin 




