स्कूल में नशीली गोली खाने से पांच छात्रों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

स्कूल में नशीली गोली खाने से पांच छात्रों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

दुर्ग। जिले के पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशीली गोली सेवन का मामला सामने आया है। स्कूल के पांच छात्रों की कथित रूप से नशीली गोलियां खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी छात्रों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों को तत्काल स्कूल भेजकर जांच के निर्देश दिए।

वहीं, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य भी स्कूल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी लेने में जुट गए। संस्था प्रमुख नलिनी वर्मा की मौजूदगी में बीआरसी नेम सिंह साहू, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार यादव तथा अन्य सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना के कारणों और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम को लेकर चर्चा की गई।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्रों ने नशीली गोलियां कहां से प्राप्त कीं और किस परिस्थिति में उनका सेवन किया। शिक्षा विभाग और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

अस्पताल में भर्ती सभी छात्रों की हालत चिकित्सकों की निगरानी में बताई जा रही है। वहीं, स्कूल प्रशासन ने भी मामले की जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।