पेट्रोल पंपों की सुरक्षा बढ़ाने पुलिस ने शुरू की विशेष पहल

पेट्रोल पंपों की सुरक्षा बढ़ाने पुलिस ने शुरू की विशेष पहल

रायपुर। पेट्रोल पंप संचालकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर दृष्टिगोचर स्थानों पर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर वाले पोस्टर चस्पा किए जा रहे हैं।

इन पोस्टरों में पुलिस कंट्रोल रूम, संबंधित स्थानीय थाना प्रभारी, डायल-112 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर अंकित किए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी, लूट अथवा अन्य आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दी जा सके।

इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों द्वारा पेट्रोल पंप संचालकों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। उन्हें रात्रिकालीन सतर्कता बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, सीसीटीवी कैमरों को लगातार सक्रिय रखने तथा नगदी के सुरक्षित प्रबंधन को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना है।