छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक जगदलपुर की पहल : इंजीनियरिंग कॉलेज और क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में किया पौधरोपण

छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक जगदलपुर की पहल : इंजीनियरिंग कॉलेज और क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में किया पौधरोपण

जगदलपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, धरमपुरा परिसर एवं क्षेत्रीय कार्यालय के प्रांगण में हुआ।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक सहित बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की प्राचार्य, असिस्टेंट प्रोफेसर, शिक्षकगण तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पौधरोपण के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण और देखभाल के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस पहल को उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक कदम बताया।