पेंड्रा-बिलासपुर मार्ग पर दिल दहला देने वाला हादसा; तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक को रौंदा, युवक-युवती की दर्दनाक मौत

पेंड्रा-बिलासपुर मार्ग पर दिल दहला देने वाला हादसा; तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक को रौंदा, युवक-युवती की दर्दनाक मौत
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले से एक अत्यंत भीषण और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम अमरपुर के समीप एक तेज रफ्तार हार्वेस्टर मशीन ने मोटरसाइकिल पर सवार युवक और युवती को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेंड्रा-बिलासपुर मार्ग पर बाइक सवार युवक और युवती किसी कार्य से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही धान कटाई में उपयोग होने वाली एक भारी-भरकम हार्वेस्टर मशीन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों वाहन चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया। मृतकों की पहचान मुकेश पोर्ते (22 वर्ष, निवासी घाटबाहरा खुसरोपारा) और दुलरिया (17 वर्ष, निवासी बस्ती) के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरोपी हार्वेस्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पतगवां के पास पकड़ लिया है। फिलहाल, पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश समेत आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।