हेरोइन सिंडिकेट का भंडाफोड़ : पंजाब से शुरू पूरी सप्लाई लाइन खत्म ,रायपुर पहुंचते ही दबोचा गया मुख्य सरगना

हेरोइन सिंडिकेट का भंडाफोड़ : पंजाब से शुरू पूरी सप्लाई लाइन खत्म ,रायपुर पहुंचते ही दबोचा गया मुख्य सरगना

रायपुर। रायपुर पुलिस ने पंजाब से राजधानी में हेरोइन सप्लाई करने वाले अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई में 56 ग्राम से अधिक हेरोइन (चिट्टा), एक्टिवा वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में मुख्य आरोपी चरणजीत सिंह उर्फ सोनू को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जो पहले से कई एनडीपीएस मामलों में शामिल रहा है।

थाना कबीर नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 101/26 एवं 103/26 के तहत यह कार्रवाई डीसीपी (वेस्ट) संदीप पटेल के निर्देशन और एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। टीम का नेतृत्व एसीपी आजाद चौक ईशू अग्रवाल (IPS) ने किया।

पहले चरण में महिला समेत 2 आरोपी पकड़े गए

19 मई को कबीर नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला और युवक एक्टिवा में जरीवाय बीएसयूपी कॉलोनी के पास हेरोइन बेचने ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी में आरोपियों के पास से 9.19 ग्राम हेरोइन, एक्टिवा और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहीना कौर और करनदीप सिंह के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर
गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में सामने आया पंजाब कनेक्शन

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें हेरोइन पंजाब के गुरदासपुर निवासी चरणजीत सिंह उर्फ सोनू उपलब्ध कराता था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और पंजाब स्थित मुखबिरों की मदद से चरणजीत की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।
जांच में पता चला कि चरणजीत जल्द ही हेरोइन की नई खेप लेकर रायपुर आने वाला है। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैक कर निगरानी तेज कर दी।

400 ग्राम हेरोइन केस में पहले से फरार था चरणजीत

पुलिस के मुताबिक चरणजीत सिंह रायपुर में पंजाब से हेरोइन सप्लाई करने वाला बड़ा तस्कर है। वह थाना कबीर नगर के अपराध क्रमांक 250/25 में लगभग 400 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में पहले से फरार चल रहा था।
इससे पहले वह थाना आमानाका के मामले में 150 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार हो चुका था। जमानत मिलने के बाद भी उसने तस्करी जारी रखी।

पुलिस ने बताया कि उसका भाई लवजीत सिंह उर्फ बंटी भी इसी नेटवर्क का हिस्सा है। उसे थाना टिकरापारा पुलिस ने 450 ग्राम से ज्यादा हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में है।


रायपुर पहुंचते ही दबोचा गया मुख्य सरगना

23 मई को पुलिस को सूचना मिली कि चरणजीत सिंह रायपुर पहुंच चुका है। इसके बाद थाना कबीर नगर की टीम ने सोनडोंगरी तालाब के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में उसके कब्जे से 47 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ अलग से अपराध क्रमांक 103/26 दर्ज किया है।

पुलिस बोली- सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, पूरी सप्लाई लाइन खत्म की

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई केवल एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि एंड-टू-एंड जांच का नतीजा है। खुदरा स्तर पर पकड़े गए आरोपियों से शुरू हुई जांच तकनीकी सर्विलांस, पूछताछ और अंतर्राज्यीय इंटेलिजेंस समन्वय तक पहुंची।

जांच में सप्लाई चेन के तीनों स्तरों को ध्वस्त किया गया

खुदरा सप्लायर : रहीना कौर और करनदीप सिंह
मुख्य सप्लायर : चरणजीत सिंह उर्फ सोनू
सहयोगी तस्कर : लवजीत सिंह उर्फ बंटी

पुलिस का दावा है कि पंजाब से रायपुर तक चल रही हेरोइन सप्लाई की यह पूरी लाइन अब ध्वस्त कर दी गई है।