कार की जिद में नाबालिग ने रची खुद के अपहरण की साजिश, पिता से मांगी 5 लाख की फिरौती

कार की जिद में नाबालिग ने रची खुद के अपहरण की साजिश, पिता से मांगी 5 लाख की फिरौती

बिलासपुर। कार खरीदने की जिद पूरी नहीं होने पर एक नाबालिग ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रच दी। उसने पिता के मोबाइल पर मैसेज भेजकर अपहरण की जानकारी दी और रिहाई के बदले 5 लाख रुपये की मांग की। मैसेज मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पिता की सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू की और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपने परिवार से कार खरीदने की जिद कर रहा था। परिजन उसकी मांग पूरी करने को तैयार नहीं थे। इससे नाराज होकर उसने परिवार पर दबाव बनाने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची।

मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे उसने पिता के मोबाइल पर मैसेज भेजा। इसमें खुद का अपहरण होने की बात कहते हुए रिहाई के बदले 5 लाख रुपये देने की मांग की गई थी। मैसेज पढ़ते ही पिता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

चार घंटे में सकुशल बरामद

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मधुलिका सिंह और एसीसीयू की टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने नाबालिग की तलाश के लिए पतासाजी शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद शाम करीब 4 बजे उसे सकुशल बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह कार खरीदना चाहता था, लेकिन परिवार उसकी मांग पूरी नहीं कर रहा था। इसी वजह से उसने खुद के अपहरण की झूठी कहानी बनाई और पिता से 5 लाख रुपये मांगने का मैसेज भेजा।