4 करोड़ की रंगदारी के लिए कारोबारी से मारपीट और जान से मारने की धमकी; शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

4 करोड़ की रंगदारी के लिए कारोबारी से मारपीट और जान से मारने की धमकी; शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां जमीन के पुराने सौदे को आधार बनाकर 4 करोड़ रुपये की जबरन वसूली (रंगदारी) मांगने, होटल में मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में गंज थाने में शराब घोटाले के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर समेत 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी बलिराम धरमानी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वर्ष 2018 में उन्होंने लाभांडी क्षेत्र की एक जमीन का सौदा किया था, जिसका पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी जमीन के एवज में कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी के साथ मिलकर अनवर ढेबर द्वारा 4 करोड़ रुपये की मांग की जा रही थी। रकम देने से इनकार करने पर 27 सितंबर को फाफाडीह चौक स्थित होटल वेलिंटन के एक कैबिन में आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

घटना के करीब 38 दिन बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। हालांकि, नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।