पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष, देवर ने भाभी और भतीजी की गला रेतकर की हत्या
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरेघाट में सोमवार को हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी भाभी और भतीजी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हेमलाल आदिल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच आरोपी ने कथित रूप से अपनी भाभी और भतीजी पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दाढ़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच में अब तक पारिवारिक विवाद को घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में भी एक गंभीर आपराधिक मामले में सजा काट चुका है।
दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास जुट गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।

admin 




