वकील पर जानलेवा हमला: राजातालाब के 4 आरोपी ओडिशा-महाराष्ट्र से गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर के राजातालाब इलाके में अधिवक्ता रमीजुद्दीन पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद फजल खान उर्फ मुजीब (35), मोहम्मद सरताज शरीफ उर्फ ताज (36), फैजान हुसैन (29) और अब्दुल कलाम उर्फ राजा (40) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 8 मई की रात की है। अधिवक्ता रमीजुद्दीन ने सड़क किनारे हुड़दंग कर रहे आरोपियों को टोका था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उन पर चाकू, हाथ और मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल वकील के भाई जियाउद्दीन की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी और उन्हें ओडिशा तथा महाराष्ट्र में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
इस घटना के बाद रायपुर के वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। अधिवक्ताओं ने देर रात सिविल लाइन थाने का घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की जांच जारी है।

admin 





