पेपर लीक पर पीएम मोदी का सख्त संदेश: दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई, संसद में लाया जाएगा नया कानून
रायपुर। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर देशभर में उठ रही चिंताओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात वीडियो संदेश जारी कर इस मुद्दे पर सरकार का स्पष्ट रुख सामने रखा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य मामला नहीं है, बल्कि यह लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में संसद में नया विधेयक लाने की तैयारी की जा रही है।
लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा है मामला
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों और उनके परिवारों को गहरा मानसिक आघात पहुंचाती हैं। उन्होंने बताया कि हाल की घटनाओं के बाद पिछले ढाई महीनों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
छात्रों का शैक्षणिक वर्ष बचाना प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना थी कि विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो। इसी उद्देश्य से समयबद्ध तरीके से परीक्षाओं का आयोजन कराया गया और 19 तारीख को परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिए गए। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार केवल इतनी कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है।
फास्ट ट्रैक अदालत और कड़ी सजा का होगा प्रावधान
पीएम मोदी ने बताया कि संबंधित विभागों को पेपर लीक मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। विभागों ने मसौदा तैयार कर सरकार को सौंप दिया है, जिस पर मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा की जाएगी। प्रस्तावित कानून में दोषियों के लिए कड़े दंड और मामलों के शीघ्र निपटारे की व्यवस्था शामिल की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सख्त रुख और कड़ी कार्रवाई का संकल्प विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण और स्वागतयोग्य कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए कानून से ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
admin




