कका अभी जिंदा हे, तेवर रहेगा बरकरार, सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे: बघेल
बिलासपुर (चैनल इंडिया)। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। अयोध्या राम मंदिर में चोरी पर बघेल ने कहा, महमूद गजनवी ने सोमनाथ के मंदिर को लूटा था। आज आरएसएस और बजरंग दल के लोग देश को लूट रहे हैं। छत्तीसगढ़ में रायगढ़ से लेकर बस्तर तक राम के नाम पर ये लोग लूटने में लगे हुए हैं।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व पर भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। कका अभी जिंदा हे और कका का तेवर बरकरार रहेगा, लेकिन चुनाव पार्टी के सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। भाजपा पर निशाना साधते हुए भूपेश बघेल ने कहा, किसानों को तीन गुना मार झेलनी पड़ रही है। एक ओर मौसम की मार, दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल क्राइसिस और प्रदेश में मिलने वाली नकली खाद, ऊपर से प्रदेश में बिजली के बिल ने भी झटका दिया है। कानून-व्यवस्था भी बहुत खराब है। स्कूल खुल चुके हैं, लेकिन बच्चों को किताबें और बस्ते नहीं मिले हैं। प्रदेश की व्यवस्था खराब है।
राहुल गांधी के संबंध में बघेल ने कहा कि राहुल को बदनाम करने में भाजपा लाखों नहीं बल्कि अरबों खर्च कर चुकी है। राहुल गांधी जब बोलना शुरू करते हैं तो भाजपा के ऊपर से लेकर नीचे तक सारे लोग सक्रिय हो जाते हैं। अगर भाजपा को किसी से डर है तो सिर्फ राहुल गांधी से है।

admin 




