लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिला चेम्बर प्रतिनिधिमंडल, सौंपा ज्ञापन
रायपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष ओम बिरला से नई दिल्ली में चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों के हितों, आत्मनिर्भर भारत अभियान में उनकी भूमिका तथा व्यापार को सरल बनाने संबंधी सुझावों का ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को राहत देने के लिए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत कागजी प्रक्रियाओं को और सरल बनाने की मांग रखी।
जीएसटी और व्यापारिक कानूनों पर चेम्बर की राय शामिल करने की मांग
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने ज्ञापन में सुझाव दिया कि जीएसटी, प्रत्यक्ष कर और श्रम कानूनों जैसे व्यापार एवं उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संसद की स्थायी समितियों की चर्चा में देश के प्रमुख चेम्बर्स के प्रतिनिधियों के व्यावहारिक सुझावों को भी शामिल किया जाए। उनका कहना था कि इससे नीतियां अधिक प्रभावी और जमीनी जरूरतों के अनुरूप बन सकेंगी।
कौशल विकास और स्थानीय रोजगार पर भी दिया जोर
प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। चेम्बर ने मांग की कि क्षेत्रीय उद्योगों के विकास के लिए सरकारी नीतियों को और अधिक व्यवहारिक तथा सरल बनाया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
राष्ट्र निर्माण में व्यापारियों की भूमिका अहम : थौरानी
सतीश थौरानी ने कहा कि व्यापारी वर्ग केवल व्यवसाय और लाभ तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराने और करों के माध्यम से राजस्व देकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का व्यापारी वर्ग राष्ट्रहित में सरकार के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ा है।
ओम बिरला ने सराहा
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चेम्बर द्वारा दिए गए सुझावों की सराहना करते हुए उन पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यापारियों की राष्ट्र निर्माण में सहभागिता और दूरदर्शी सोच को सराहनीय बताया।
ये रहे मौजूद
इस दौरान चेम्बर के कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, सलाहकार लाभचंद बाफना, अमर गिदवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी और उपाध्यक्ष दिलीप इसरानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

admin 




