UPSC Prelims 2026: पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन से होगी एंट्री, 22 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

UPSC Prelims 2026: पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन से होगी एंट्री, 22 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इस बार परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों का डिजिटल फेस वेरिफिकेशन किया जाएगा, ताकि फर्जी परीक्षार्थियों और गड़बड़ी की संभावनाओं पर रोक लगाई जा सके।

प्रशासन के मुताबिक, परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई है। सभी केंद्रों में प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग होगी और प्रत्येक केंद्र में कम से कम पांच पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों में जैमर लगाए जाएंगे, जिससे किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक नकल या संचार को रोका जा सके।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक चलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे मुख्य गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

परीक्षा हॉल में केवल काले रंग की बॉल पेन, ई-एडमिट कार्ड, फोटोयुक्त पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल और पासपोर्ट साइज फोटो ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल घड़ी, बैग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

प्रशासन ने अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। एक समय में दो अभ्यर्थियों को वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं परीक्षा समाप्ति के अंतिम 30 मिनट के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में ध्वनि प्रदूषण और अव्यवस्था रोकने के निर्देश दिए हैं। जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में कुल 8,449 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय से किया जाएगा, जबकि पुलिस पेट्रोलिंग टीम परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखेगी।

ऐसे काम करेगा फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम

* परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थी को स्कैनर या कैमरे के सामने खड़ा होना होगा।
* सिस्टम अभ्यर्थी के चेहरे की लाइव फोटो कैप्चर करेगा।
* सॉफ्टवेयर लाइव फोटो का मिलान आवेदन फॉर्म में अपलोड तस्वीर से करेगा।
* पूरी प्रक्रिया में करीब 8 से 10 सेकंड का समय लगेगा।
* सफल सत्यापन के बाद ही परीक्षा हॉल में प्रवेश मिलेगा।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि फेस ऑथेंटिकेशन के दौरान चेहरा पूरी तरह स्पष्ट रखें और टोपी, स्कार्फ या चेहरे को ढकने वाली वस्तुओं का इस्तेमाल न करें। साथ ही मूल फोटो पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा।