पीएम सूर्यघर योजना में छत्तीसगढ़ का जलवा : उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राष्ट्रीय सम्मान, मुख्यमंत्री ने जताई खुशी

पीएम सूर्यघर योजना में छत्तीसगढ़ का जलवा : उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राष्ट्रीय सम्मान, मुख्यमंत्री ने जताई खुशी
 ऊर्जा विभाग और क्रेडा को दी बधाई
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत आयोजित ‘मंथ ऑफ सोलर’ अभियान में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता पुरस्कार देने के लिए चयनित किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे राज्य के लिए गौरव और खुशी का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में छत्तीसगढ़ के लगातार प्रयासों की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आयोजित ‘मंथ ऑफ सोलर’ अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, आम लोगों को योजनाओं से जोडऩे और ऊर्जा क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यम उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में सर्वाधिक वेंडर रजिस्ट्रेशन के मामले में छत्तीसगढ़ ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसी उपलब्धि के आधार पर राज्य का चयन प्रतिष्ठित पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड के लिए किया गया है।उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ऊर्जा क्षेत्र में राज्य की सक्रियता, योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और जनसहभागिता का सकारात्मक उदाहरण है। इससे यह भी साबित होता है कि प्रदेश में सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए ऊर्जा विभाग, क्रेडा, विद्युत वितरण कंपनियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी सहयोगी संस्थाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय, टीमवर्क और प्रतिबद्धता के कारण छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की विभिन्न एजेंसियों ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को इससे जोडऩे के लिए प्रभावी प्रयास किए हैं, जिसका परिणाम अब राष्ट्रीय सम्मान के रूप में सामने आया है।