अपहरण के चंद घंटों में 4 साल की बच्ची महाराष्ट्र से बरामद,आरोपी गिरफ्तार

अपहरण के चंद घंटों में 4 साल की बच्ची महाराष्ट्र से बरामद,आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र से अपहृत 4 साल की बच्ची को रायपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों में महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी अमृत पाल सिंह (32) को मौदा टोल प्लाजा के पास बच्ची के साथ पकड़ा गया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को बच्ची के परिजन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अमृत पाल सिंह उसे उठाकर ले गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया। सुराग महाराष्ट्र की ओर मिलने पर टीम रवाना की गई और साकोली व मौदा पुलिस को भी सूचना दी गई।

लगातार तलाश के बाद मौदा टोल प्लाजा पर आरोपी को बच्ची के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी मूल रूप से अमृतसर, पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।

कार्रवाई में महाराष्ट्र की साकोली और मौदा पुलिस के अलावा सरस्वती नगर थाना पुलिस और क्राइम यूनिट की टीम का योगदान रहा।