गरियाबंद में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी तेज रफ्तार बाइक, भीषण दुर्घटना में युवक की मौत

गरियाबंद में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी तेज रफ्तार बाइक, भीषण दुर्घटना में युवक की मौत
गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अमलीपदर-ध्रुवागुड़ी मुख्य मार्ग पर हाथीबंद के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सीधे खेत में जा घुसी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपनी बाइक से जा रहा था तभी अचानक उसका वाहन से नियंत्रण छूट गया और वह अनियंत्रित होकर खेत में जा पलटा। हादसा इतना भयानक था कि युवक ने मौके नहीं दम तोड़ दिया। मार्ग से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने जब दुर्घटनाग्रस्त हालत में युवक को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही अमलीपदर थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, और पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बाइक के नंबर के आधार पर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।