आईपीएल टिकटों पर दलालों का डाका, सोशल मीडिया पर महंगे बेचे जा रहे हैं टिकट

आईपीएल टिकटों पर दलालों का डाका, सोशल मीडिया पर महंगे बेचे जा रहे हैं टिकट
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी में 10 मई को आईपीएल का बहुप्रतीक्षित मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में गजब का क्रेज है। टिकटों की मांग इतनी बढ़ चुकी है कि आधिकारिक ऑनलाइन बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सभी टिकट बिक गए। इसके बाद टिकट दलाल सक्रिय हो गए हैं और सोशल मीडिया पर ब्लैक मार्केटिंग शुरू कर दी है। ये दलाल बिना किसी डर के लोगों को कॉल और मैसेज भेजकर महंगे दामों पर टिकट बेचने का काम कर रहे हैं।
इस महामुकाबले को देखने के लिए दर्शकों काफी उत्साह है, जिस कारण टिकटों की मांग आसमान छू रही है। हालांकि इसके उल्टा 13 मई को होने वाले दूसरे आईपीएल मैच को लेकर दर्शकों में उतनी दिलचस्पी नहीं दिख रही। यही वजह है कि इस मैच के लिए आधे टिकट भी नहीं बिक पाए हैं। टिकट दलाल अब इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर टिकट बेचने का खुलेआम प्रचार कर रहे हैं।
एक टिकट दलाल से संपर्क करने पर पता चला कि वह सभी स्टैंड्स के टिकट उपलब्ध होने का दावा कर रहा है और उसने शर्त रखी कि टिकट प्राप्त करने के लिए पहले ऑनलाइन पेमेंट करना होगा। इसके बाद टिकट सीधे ग्राहक की ईमेल पर भेज दिए जाएंगे। दलालों को लोगों का भरोसा जीतने के लिए, वे अन्य ग्राहकों के चैट और पेमेंट ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाकर झांसा दे रहे हैं। 10 मई के मैच के विपरीत 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच के लिए दर्शकों में कोई खास उत्साह नहीं दिख रहा। इस मैच के लिए आधे से ज्यादा टिकट अब तक नहीं बिक पाए हैं और स्टेडियम के विभिन्न स्टैंड्स में हजारों सीटें खाली पड़ी हैं। हालांकि, वेबसाइट पर टिकटों की उपलब्धता को लेकर कोई समस्या नहीं है, लेकिन फिर भी टिकटों की बिक्री सुस्त पड़ गई है।