जनजातीय गौरव दिवस पर धर्मजयगढ़ में भव्य समागम,भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन होंगे शामिल : किरण देव

जनजातीय गौरव दिवस पर धर्मजयगढ़ में भव्य समागम,भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन होंगे शामिल : किरण देव

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा है कि आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुण्डा की 151वीं जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले 'जनजातीय गौरव दिवस' के उपलक्ष्य में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। श्री देव ने शनिवार को यहाँ देवेन्द्र नगर रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि धरमजयगढ़ में होने वाले इस जनजातीय समागम में सरगुजा से लेकर जशपुर तक के विभिन्न जनजातीय समाज के लोग बड़ी संख्या में और पूरे उत्साह के साथ सम्मिलित होंगे।

16 से 18 नवंबर तक प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में 'युवा संवाद' आयोजित होगा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने जनजातीय गौरव दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दी और बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद श्री नितिन नवीन पहली बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। पूर्व में छत्तीसगढ़ के प्रभारी के रूप में उन्होंने लम्बे समय तक पार्टी का मार्गदर्शन किया है। 11 से 18 नवंबर तक आयोजित विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए श्री देव ने बताया कि 11 से 14 नवंबर तक राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री की प्रेस वार्ता के बाद अब बस्तर, सरगुजा सहित सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस वार्ताएं हो रही हैं। साथ ही स्मारकों की स्वच्छता और दीपोत्सव का आयोजन किया गया है। कल 15नवम्बर को प्रदेशभर में भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 16 से 18 नवंबर तक प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में 'युवा संवाद' आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त जनजाति छात्रावासों में संपर्क अभियान, स्वाभिमान सम्मेलन, शोभा यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

*'विकसित भारत' के निर्माण में जनजातीय समाज एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में अपनी भूमिका निभाएगा*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान को याद करते हुए भगवान बिरसा मुण्डा के नारे 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' (हमारा देश, हमारा राज) का उल्लेख किया। छत्तीसगढ़ के महान जनजातीय नायकों—शहीद गुंडाधूर, डेबरीधूर, शहीद वीर नारायण सिंह और गेंद सिंह को नमन करते हुए श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में बिरसा मुण्डा की जयंती को 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित कर जनजातीय संस्कृति और पहचान को सम्मान दिया है। सन् 2047 तक 'विकसित भारत' और 'विकसित छत्तीसगढ़' के निर्माण में जनजातीय समाज केवल लाभार्थी न रहकर एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में अपनी भूमिका निभाएगा। जनजातीय समाज की उन्नति के मद्देनजर बजट में ऐतिहासिक वृद्धि और नक्सलवाद के अंत की चर्चा करते हुए श्री देव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा गठित जनजातीय कार्य मंत्रालय के बजट में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। वर्ष 2014-15 में यह बजट 4,497.96 करोड़ रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा 'पीएम जनमन योजना' (लगभग 24,104 करोड़ रुपये) और 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' (79,156 करोड़ रुपये) के माध्यम से देश के 63 हजार से अधिक जनजातीय गाँवों को लाभ पहुँचाया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने बस्तर में विकास की नई रफ्तार का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले चार दशकों से नक्सली आतंक के कारण जनजातीय क्षेत्रों तक सरकारी योजनाएँ नहीं पहुँच पाती थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति से मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे का जो लक्ष्य रखा गया था, वह पूरा हुआ है। अब केंद्र और राज्य की योजनाएँ तेजी से इन क्षेत्रों तक पहुँच रही हैं। श्री देव ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय विद्यार्थियों के लिए देश भर में 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का निर्माण किया है और 2047 तक सिकल सेल एनीमिया के पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है।

इस दौरान पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय मौजूद रहे।