रायपुर में सोलर कारोबार की चुनौतियों पर हुआ मंथन, 12 जोन के व्यवसायियों ने बनाई भविष्य की रणनीति
छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन' के दीपावली मिलन समारोह एवं महासभा में पंजाब केसरी भवन में जुटे प्रदेश भर के सोलर व्यवसायी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा के विस्तार, नीतिगत सुधारों और व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से 'छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन' द्वारा 14 नवंबर (शनिवार) को भव्य दीपावली मिलन समारोह एवं महासभा – 2026 का सफल आयोजन किया गया। रायपुर के जोरा स्थित पंजाब केसरी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी विशेष रूप से शामिल हुए।

दिन भर चले इस महाअधिवेशन की शुरुआत सदस्यों के पंजीयन व स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात अध्यक्षीय उद्बोधन एवं सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, तथा कोषाध्यक्ष द्वारा संस्था का आय-व्यय एवं वित्तीय प्रतिवेदन रखा गया।
अधिवेशन के दौरान विशेष वेंडर डिस्कशन आयोजित हुआ, जिसमें इंटरनल स्टाफ एवं मैनपावर मैनेजमेंट, प्राइस वॉर एवं मार्केट कंट्रोल जैसे अहम विषयों पर गहन रणनीति बनाई गई और सभी 12 जोन का जोन-वाइज प्रेजेंटेशन हुआ। इसके तुरंत बाद सभी 12 जोन के नए जोन लीडर्स का नामांकन व संगठनात्मक चर्चा की गई। लंच और आपसी संवाद के बाद जोन-वाइज बैठक कर आगामी सत्र की रूपरेखा तैयार की गई।

आम उपभोक्ताओं और वेंडर्स को सब्सिडी व बैंक लोन प्रक्रिया में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए दो बेहद महत्वपूर्ण तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। आयोजित आरईसी विशेष सत्र में सब्सिडी, वेंडर सुविधाओं, रियायतों और समस्याओं के समाधान पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया। वहीं, बैंकिंग सत्र में बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ सोलर लोन, फाइनेंसिंग, लोन स्वीकृति और डिस्बर्समेंट संबंधी समस्याओं पर सीधा संवाद हुआ।
वीआईपी अतिथि सत्र में मुख्य अतिथियों के साथ डिस्कॉम (सीएसपीडीसीएल) से नागार्जुन बिम्बिसार, आरईसी से सत्यभान साहू, भुनेश्वर पटेल एवं श्री रंजन उपस्थित थे। बैंकिंग क्षेत्र से सेंट्रल बैंक के घनश्याम साहू और पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक श्री मुथुकुमार ने शिरकत की। एसोसिएशन द्वारा सभी अतिथियों का सम्मान किया गया और अतिथियों ने सोलर सेक्टर के भविष्य पर अपना उद्बोधन दिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मिश्रा, उपाध्यक्ष पीताम्बर गुप्ता, सचिव रितेश खंडेलवाल, सचिव लतीश जुमनानी सहित सभी कमेटी मेंबर्स और प्रदेश के सभी 12 जोन के सोलर वेंडर्स बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
वैचारिक सत्रों के समापन के बाद भव्य दीपावली मिलन समारोह के अंतर्गत सूफी नाइट का आयोजन हुआ, जिसका समापन रात्रि भोज के साथ हुआ।
admin
















