सीसीपीएल-3 : बुल्स के अभिजीत और आयुष की शतकीय साझेदारी ने मैच किया एकतरफा,बिलासपुर ने राजनांदगांव को 8 विकेट से दी करारी शिकस्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल-3) में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने राजनांदगांव पैंथर्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। 134 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिलासपुर की टीम ने केवल 13.1 ओवर में दो विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। टीम की जीत में अभिजीत ताह और आयुष पांडे की शतकीय साझेदारी निर्णायक साबित हुई।
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में राजनांदगांव पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 133 रन ही बना सकी। कप्तान अजय मंडल ने 31 रन बनाए, जबकि ऐश्वर्य मार्या 26 रन बनाकर नाबाद लौटे। आर्यन जायसवाल ने 24 रन का योगदान दिया।

बिलासपुर बुल्स की ओर से हर्ष राठौर और भरत गोंडवानी ने दो-दो विकेट लेकर पैंथर्स को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका।
पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़कर मैच किया एकतरफा
134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स को अभिजीत ताह और आयुष पांडे ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी कर पैंथर्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
अभिजीत ताह ने 64 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि आयुष पांडे ने 51 रन बनाए। दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर बिलासपुर ने 41 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
राजनांदगांव पैंथर्स की ओर से कप्तान अजय मंडल ने दोनों विकेट लिए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
Lucky Draw winners


अभिजीत ताह बने प्लेयर ऑफ द मैच
शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले अभिजीत ताह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी पारी ने बिलासपुर बुल्स की जीत की नींव रखी और टीम को टूर्नामेंट में महत्वपूर्ण दो अंक दिलाए।

admin 




