धनुष पूरा करेंगे रजनीकांत का अधूरा सपना? एक्टर ने राजनीति में एंट्री के दिए संकेत
नई दिल्ली। तमिल सुपरस्टार धनुष के जन्मदिन से पहले तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले में उनके फैन क्लबों द्वारा बड़े पैमाने पर किए गए जनकल्याणकारी कार्यक्रमों ने उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। फैन क्लब द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों और जरूरतमंदों की मदद जैसे सामाजिक कार्यों को महज एक फैन एक्टिविटी के बजाय एक बड़े जनसंपर्क अभियान के रूप में देखा जा रहा है। हाल ही में फैन एसोसिएशन की ओर से एक आधिकारिक झंडा भी जारी किया गया है, जिसने इन अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि, धनुष ने अभी तक राजनीति में औपचारिक रूप से शामिल होने की कोई घोषणा नहीं की है।
धनुष की इस बढ़ती सामाजिक सक्रियता की तुलना सुपरस्टार रजनीकांत के अधूरे राजनीतिक सफर से की जा रही है। साल 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले रजनीकांत ने "आध्यात्मिक राजनीति" का विजन पेश करते हुए चुनाव में उतरने का ऐलान किया था, लेकिन बाद में स्वास्थ्य कारणों के चलते वे पीछे हट गए थे। अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या धनुष उस भूमिका को पूरा कर सकते हैं, जिसे रजनीकांत पूरा नहीं कर पाए। भगवान शिव के भक्त धनुष ने हाल ही में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए भाषण का अंत "ओम नमः शिवाय" के साथ किया था, जिसके बाद यह बहस छिड़ गई है कि क्या राज्य में आध्यात्मिक राजनीति की वापसी हो सकती है।
अपने समर्थकों और प्रशंसकों से बात करते हुए धनुष ने उनसे सामाजिक सेवा को मजबूत करने और एकजुट होकर जरूरतमंदों की मदद करने का आग्रह किया। उन्होंने अपने प्रशंसकों से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों की समस्याओं को समझें और हर संभव सहायता प्रदान करें। धनुष की राजनीति में संभावित एंट्री पर प्रतिक्रिया देते हुए सत्तारूढ़ डीएमके (DMK) ने कहा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत जनता की सेवा करने के लिए राजनीति में कदम रखने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है।
admin




