चाय-नाश्ते के ठेले में मिला भारी मात्रा में गांजा,पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

चाय-नाश्ते के ठेले में मिला भारी मात्रा में गांजा,पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस के "ऑपरेशन निश्चय" के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने एक महिला को 3 किलो 737 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से गांजा, गोगो कोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू समेत कुल 1.73 लाख रुपए से अधिक की सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिल्दा स्थित पटवारी कार्यालय के पास चाय-नाश्ते का ठेला लगाने वाली एक महिला अपने ठेले में गांजा रखकर बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान महिला के पास रखे एक थैले से 3 किलो 737 ग्राम गांजा, 33 नग गोगो कोन तथा एक बैटरी संचालित इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 73 हजार 700 रुपए आंकी गई है।

गिरफ्तार महिला भारती बगवानी (37 वर्ष) निवासी सिंधी कैंप वार्ड क्रमांक 16, तिल्दा-नेवरा है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

*वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई*

यह कार्रवाई रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। "ऑपरेशन निश्चय" के तहत क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।