मंदिर प्रवेश विवाद में महिलाओं से अमानवीय बर्ताव, चप्पलों की माला पहनाकर सड़क पर घुमाया; 3 गिरफ्तार

मंदिर प्रवेश विवाद में महिलाओं से अमानवीय बर्ताव, चप्पलों की माला पहनाकर सड़क पर घुमाया; 3 गिरफ्तार

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मंदिर में प्रवेश को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ महिलाओं के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़े गए और चप्पलों की माला पहनाकर सड़क पर घुमाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

मामला उल्हासनगर के हड़क माता मंदिर परिसर से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, एक परिवार को मंदिर में प्रवेश से रोका गया था। स्थानीय पंचायत ने उस परिवार के मंदिर आने पर आपत्ति जताई थी, लेकिन परिवार ने इसका विरोध किया और मंदिर जाने पर अड़ गया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम और सामुदायिक भोज का आयोजन था। इसी दौरान पीड़ित परिवार के एक युवक ने मंदिर में प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध का विरोध किया। आरोप है कि युवक के मंदिर में जाने से दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए।

इसके बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर पीड़ित परिवार के घर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पहले परिवार के पुरुषों के साथ मारपीट की गई, फिर महिलाओं को निशाना बनाया गया।

आरोप है कि महिलाओं को घर से घसीटकर बाहर निकाला गया, उनके कपड़े फाड़े गए, बाल काट दिए गए और उन्हें चप्पलों की माला पहनाकर करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर घुमाया गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।

शैलेश काले ने बताया कि मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष वाघरी समुदाय से जुड़े हैं और गुब्बारे बेचने का काम करते हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी पक्ष का दावा है कि पीड़ित महिला ने उनके देवी-देवताओं का अपमान किया था, जिसके बाद उसे मंदिर में प्रवेश से रोका गया था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।