राजधानी में 1 करोड़ की लूट: सराफा कारोबारी के मैनेजर पर तलवार से हमला, सोने-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश

राजधानी में 1 करोड़ की लूट: सराफा कारोबारी के मैनेजर पर तलवार से हमला, सोने-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश

रायपुर। राजधानी में सराफा कारोबारी के कर्मचारी से करीब 1 करोड़ रुपए की लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप के मैनेजर पर तलवार से हमला कर सोने-चांदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना खरोरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, टीकाराम शर्मा ‘महावीर ज्वैलर्स’ में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। खरोरा इलाके में जैन परिवार की महावीर ज्वैलर्स के नाम से दो दुकानें संचालित होती हैं। मंगलवार शाम टीकाराम एक ब्रांच से जेवरात लेकर दूसरी ब्रांच जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे आंधी और बारिश के चलते वे तिल्दाडीह मोड़ के पास रुक गए। मौसम शांत होने के बाद जैसे ही वे आगे बढ़े, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने टीकाराम के सिर पर तलवार से वार किया। हमले के बाद बदमाश सोने-चांदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

घटना के बाद घायल टीकाराम ने किसी तरह इसकी जानकारी ज्वेलरी शॉप के संचालकों को दी। सूचना मिलते ही उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि लूट की वारदात पूरी प्लानिंग के तहत अंजाम दी गई है। बदमाशों को टीकाराम के रूट और समय की पहले से जानकारी होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस के अनुसार, वारदात में दो से तीन बदमाश शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।