DRI की बड़ी कार्रवाई: हंस ट्रैवल्स से नोटों से भरे 3 बोरे जब्त, नकली होने का शक
रायपुर। राजधानी में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हंस ट्रैवल्स के दफ्तर पर छापा मारकर नोटों से भरे 3 बोरे बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इन नोटों के नकली होने की आशंका जताई जा रही है।
यह कार्रवाई 6 मई को रिंग रोड स्थित न्यू राजेंद्र नगर इलाके में की गई, जहां DRI की 5 सदस्यीय टीम ने छापेमारी की। जब्त किए गए बोरों में 10, 20 और 50 रुपए के छोटे नोट भरे हुए थे।
जांच में सामने आया है कि यह खेप कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी और रायपुर को ट्रांजिट पॉइंट के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, यह रकम उदय सिंह बिस्वाल ने भेजी थी, जिसे दिल्ली में कमल किशोर गुप्ता तक पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई के दौरान टीम ने ट्रैवल्स कार्यालय से सीसीटीवी फुटेज और बुकिंग रजिस्टर भी जब्त किए हैं। साथ ही, दफ्तर में कार्यरत कर्मचारी दुर्गेश से पूछताछ की गई है।
फिलहाल DRI इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि यह सिर्फ नकली नोटों तक सीमित है या इसके तार हवाला कारोबार से भी जुड़े हुए हैं। जब्त किए गए नोटों की जांच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के तय मानकों के अनुसार की जा रही है।

admin 





