प्रदेश में बदला मौसम का मिजाजः आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, पूरे प्रदेश में पारा 40 डिग्री के नीचे

Weather

प्रदेश में बदला मौसम का मिजाजः आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, पूरे प्रदेश में पारा 40 डिग्री के नीचे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। तेज आंधी और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार शाम मौसम का मिजाज बदला और झमाझम बारिश हुई। इसके बाद उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेशभर में तापमान अब 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

मंगलवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को उमस और तपिश से काफी राहत मिली।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में मौसम परिवर्तन के पीछे कई सिस्टम सक्रिय हैं। कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण मध्य प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

इसके अलावा दक्षिण मध्य प्रदेश से बिहार तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए द्रोणिका बनी हुई है। वहीं एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिण मध्य प्रदेश से मन्नार की खाड़ी तक विस्तारित है। इन सिस्टमों के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज अंधड़ की स्थिति बन रही है।

मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।